मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने आज यहाँ टी.टी. नगर स्टेडियम में एकलव्य आवासीय विद्यालयों की राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता 2019-20 का शुभारंभ करते हुए बाल खिलाड़ियों का आव्हान किया कि वे खेल की भावना से देश के भविष्य का निर्माण करें और इसकी शान बढ़ायें। उन्होंने कहा कि विविध संस्कृतियों, सभ्यताओं, भाषाओं और धर्मों के भारत देश की विशेषता को आत्मसात करें। अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा से दुनिया में भारत का नाम रोशन करें।
मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने कहा कि यह राष्ट्रीय आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं है बल्कि हमारे देश की विविध संस्कृतियों, भाषाओं और धर्मों से जुड़े बच्चों के आपसी मेल-जोल का आयोजन हैं। इससे हमारे बच्चे अपने देश की विविधता को न केवल पहचानेंगे बल्कि आपसी संबंधों से देश की एकता को मजबूत बनायेंगे। मुख्यमंत्री ने देश के 23 राज्यों से आए 4000 प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएँ दीं।